दुष्कर्म का फर्जी केस दर्ज कराकर वसूली करने वाले नफीसा गिरोह का हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया। कोर्ट ने अब तक हुई कार्रवाई के बारे में पूछते हुए 18 अक्तूबर को एसएसपी गोरखपुर को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जानकारी देने का आदेश जारी किया है। कोर्ट ने आपत्ति की है कि सीओ कैंट की जांच रिपोर्ट के बाद केस दर्ज होने के बाद भी अब तक इस प्रकरण में गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई है।
दरअसल, मुकदमे को खत्म करने या फिर स्टे देने की गुहार लिए नफीसा गिरोह के सदस्य हाईकोर्ट पहुंचे थे। हाईकोर्ट ने सुनवाई की तो वादी मुकदमा खालिद के अधिवक्ता ने कहा कि पूरे प्रकरण में केस दर्ज है। फर्जी केस दर्ज कराने वाला गिरोह वसूली भी करता है।
इसके बाद कोर्ट ने सीओ कैंट द्वारा की गई जांच रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद अब तक हुई कार्रवाई के बारे में पूछा और 18 अक्तूबर को एसएसपी गोरखपुर को तलब कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में सात अगस्त 2022 को कैंट थाने में केस दर्ज किया था, लेकिन अभी तक इस प्रकरण में कार्रवाई नहीं हो सकी है।
इसे भी पढ़ें: सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई, रेलवे स्टेशन के आउटर से युवती को किया था अगवा