लोकसभा चुनाव में मंगलवार को होने वाली मतगणना के दौरान किसी तरह के हिंसा-बवाल के मद्देनजर जिले में हाई अलर्ट किया गया है। गोरखपुर विश्वविद्यालय स्थित मतगणना स्थल से लेकर शहर में ड्रोन से माॅनिटरिंग होगी। पुलिस अलर्ट मोड पर रहेगी, कहीं भी भीड़ एकत्र हुई तो उसे हटाएगी।
इसके अलावा त्रिनेत्र से भी पूरे शहर की माॅनिटरिंग की जाएगी। किसी भी हालात से निपटने के लिए बाहर से भी फोर्स बुलाई गई है। पुलिस और जिला प्रशासन के इंतजाम के मुताबिक, मतगणना स्थल के बाहर भीड़ जुटने नहीं दी जाएगी। सीओ स्तर के अधिकारी शहर में निगरानी करते रहेंगे। इसके अलावा थानों की पुलिस को गश्त पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
खासकर अल्पसंख्यक इलाकों में विशेष मुस्तैदी का निर्देश दिया गया है। डीएम कृष्णा करुणेश मतगणना स्थल की निगरानी के साथ ही पल-पल की रिपोर्ट लेते रहेंगे। उधर, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर खुद सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे।
मतगणना के लिए दी गई ट्रेनिंग
मतगणना को लेकर बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में प्रेक्षकों के सामने 842 मतगणना कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी गई। ईवीएम मतगणना के लिए 171 गणना सुपरवाइजर, 171 माइक्रो ऑब्जर्वर लगाए गए हैं। कोई भी मतगणना एजेंट या कर्मचारी मोबाइल फोन लेकर नहीं जाएगा। इस दौरान प्रेक्षक, सहायक प्रेक्षक, सीडीओ आदि मौजूद रहें।
डीएम कृष्णा करुणेश ने बताया कि मतगणना को लेकर पूरी तरह से पारदर्शी व्यवस्था की गई है। मतगणना एजेंटों के सामने ही ईवीएम की गिनती और कुल पड़े वोटों का मिलान किया जाएगा। उनके सामने ही ईवीएम का सील खोला जाएगा। मतदान से संबंधित फॉर्म 17-सी दिखाकर मिलान किया जाएगा। सारी गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद होती रहेंगी। अगर कोई हंगामा-बवाल करता है तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा।
एसएसपी गौरव ग्रोवर ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं। हर जगह स्थिति सामान्य है, लेकिन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस तैयार है।त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू होगी। शहर में पहले से ही धारा 144 लागू है। सभी थानों की पुलिस को पेट्रोलिंग के निर्देश दिए गए हैं। अगर कोई कानून व्यवस्था तोड़ेगा तो पुलिस उससे सख्ती से निपटेगी।
सपा-कांग्रेस ने डेरा डाला, भाजपाई लेते रहे पल-पल की खबर
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखे ईवीएम की रखवाली में सपा और कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने डेरा डाल दिया है। सपा प्रत्याशी काजल निषाद ने भी मतगणना स्थल पर जाकर कार्यकर्ताओं से जानकारी ली।
उधर, भाजपा नेताओं ने भी दिन में कई बार जाकर जायजा लिया और पल-पल की जानकारी लेते रहे। सपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश गौतम ने बताया कि 50-50 कार्यकर्ताओं की शिफ्ट वार ड्यूटी लगाई गई है। वे ईवीएम की पूरी रात रखवाली कर रहे हैं।
वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान ने बताया कि बैठक कर कार्यकर्ताओं को मतगणना के लिए सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। उधर, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने बताया कि सुबह छह बजे सभी एजेंटों को गोरखपुर क्लब बुलाया गया है। वहीं से एक साथ सभी जाएंगे।