-बढ़ते बिजली संकट के साथ घनघना रही उपकेंद्रों के फोन की घंटी
-कर्मचारी बोले-गर्मी में पांच से लेकर 100 शिकायतें तक प्रतिदिन आती हैं
-कॉल रिसीव कर तत्काल आगे बढ़ाया जा रहा मैसेज, बढ़ते लोड के आगे सभी बेबस
गोरखपुर। हेलो, कंट्रोल रूम..., मैं चारूचंद्रपुरी कॉलोनी से बोल रहा हूं। हमारे यहां एक फेस बंद है। बल्ब जल रहा है, पंखा और एसी नहीं चल रहा। गर्मी बहुत है, इसे ठीक करवाएं। शनिवार दोपहर 12: 30 बजे टाउन हॉल उपकेंद्र स्थित कंट्रोल रूम में ये शिकायत आई। एसएसओ ने मैसेज से समस्या की सूचना आगे बढ़ा दी और त्वरित लाइनमैन को सूचित किया गया।
लगातार बढ़ते बिजली संकट के साथ ही उपकेंद्रों के फोन की घंटी भी घनघना रही है। दिन भर में 5 से लेकर 100 तक शिकायतें आती हैं। सब स्स्टेशन ऑपरेटर (एसएसओ) ने बताया कि एचएन सिंह चौराहे से सुबह 10:51 पर शालिनी ने फोन किया कि बिजली के खंभे से फॉल्ट है, ठीक करवा दीजिए। वहीं, न्यू धर्मपुर प्रगति विहार से ज्ञानेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई कि खंभे से फाल्ट होने के कारण बिजली गुल है। इसके बाद मैसेज को आगे बढ़ाया गया। बता दें कि जिलाधिकारी व कमिश्नर ने उपभोक्ताओं की कॉल रिसीव न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सूचनाओं का आदान-प्रदान तत्काल हो रहा, पर बढ़ता लोड बना बोझ
टाउनहाॅल के अधिशासी अभियंता अंकित कुमार के मुताबिक, उपकेंद्र पर सभी को यही निर्देश है कि उपभोक्ताओं के फोन अवश्य उठाएं और उनकी समस्याओं का समाधान करवाने के लिए हर संभव प्रयास करें। यह भी सच है कि बिजली का लोड लगातार बढ़ रहा है। कोशिश की जा रही है कि उपभोक्ताओं को परेशान न होना पड़े।