बीआरडी मेडिकल कॉलेज के वार्डों में लगाया गया हीटर।
-ठंड को देखते हुए जिला अस्पताल में की गई व्यवस्था
-प्रशासन का स्पष्ट निर्देश, किसी मरीज को न होने पाए दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। प्रशासन के निर्देश के बाद जिला अस्पताल में ठंड से बचने के लिए मरीजों और तीमारदारों के लिए हीटर की व्यवस्था की गई है। रैन बसेरे खोल दिए गए हैं, और उनमें रहने की उचित सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं ताकि किसी भी मरीज या उनके सहयोगी को कोई परेशानी न हो।
ठंड में अक्सर मरीजों के साथ आए तीमारदारों को रहने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, वहीं रैन बसेरे में हमेशा ताला लगा होता था, लेकिन ठंड में शासन और प्रशासन के आदेश को लेकर जिला अस्पताल में अब व्यापक व्यवस्था की गई है।
सीएमओ ने किया मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का निरीक्षण
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके चौधरी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डोहरिया, आबुराम, पीपीगंज और जंगल अगही में लगे मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का रविवार को निरीक्षण किया। डॉ. राजेश झा ने निर्देश दिए कि ठंड में किसी मरीज को दवा के लिए इंतजार न करना पड़े, स्टाफ समय पर उपस्थित रहे और अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यह मेले आम जनता को रविवार को भी स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का उद्देश्य रखते हैं।