हृदय रोग समेत विभिन्न विभागों में सुपर स्पेशियलिटी के लिए 15 डॉक्टराें का हुआ चयन
दूसरे विभागों में पहले से कार्यरत चार डॉक्टरों का भी हुआ प्रमोशन
अब सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक शुरू करने में होगी आसानी
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। एम्स में दिल, गुर्दा और नसों की बीमारी का भी उपचार जल्द शुरू हो जाएगा। इसके लिए चिकित्सा शिक्षकों की भर्ती और पदोन्नति प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसके तहत 15 नए डॉक्टरों का चयन किया गया है। इसके अलावा पहले से कार्यरत चार डॉक्टरों की पदोन्नति भी हुई है। इन चिकित्सा शिक्षकों के कार्यभार ग्रहण करने के बाद एम्स में कार्डियोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और न्यूरोलॉजी में सुपर स्पेशियलिटी विभाग शुरू हो जाएंगे।
एम्स प्रेसिडेंट देश दीपक वर्मा और कार्यकारी निदेशक डॉ. जीके पॉल ने मरीजों की सहूलियत के लिए एम्स में सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक शुरू करने का निर्णय लिया था। डिप्टी पीआरओ डॉ. विजय लक्ष्मी ने बताया कि स्थायी चयन समिति ने सीधी भर्ती और एपीएस पदोन्नति के लिए साक्षात्कार के बाद 24 घंटे से भी कम समय में रिजल्ट जारी कर दिया।
सीधी भर्ती के लिए उपस्थित 21 में से 15 आवेदकों का चयन किया गया। इसके अलावा वार्षिक पदोन्नति योजना के आधार पर चार आवेदकों को पदोन्नत किया गया। नए चयनित डॉक्टरों में कार्डियोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और न्यूरोलॉजी जैसे सुपर-स्पेशियलिटी विभागों में शिक्षक मिल गए हैं। इससे इन सुपर-स्पेशियलिटी विभागों को शुरू करने में काफी मदद मिलेगी। साक्षात्कार में एम्स दिल्ली, जेआईपीएमईआर और पीजीआई चंडीगढ़ से विषय विशेषज्ञों को बुलाया गया था।
-
इन डॉक्टरों को मिली पदोन्नति
कम्युनिटी एवं फैमिली मेडिसिन विभाग के डॉ. आनंद मोहन दीक्षित, फार्माकोलॉजी से डॉ. हीरालाल भल्ला एडिशनल प्रोफेसर से प्रोफेसर बन गए। वहीं बायोकेमेस्ट्री की डॉ. इंदु सक्सेना को एसोसिएट प्रोफेसर से एडिशनल प्रोफेसर और पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के डॉ. देवेश प्रताप सिंह को असिस्टेंट प्रोफेसर से एसोसिएट प्रोफेसर बनाया गया है।
-
इन डॉक्टरों का हुआ चयन
डॉ. संतोष कुमार शर्मा, डॉ. सीमा यादव, डॉ. भानु दुग्गल, डॉ. आशुतोष प्रसाद त्रिपाठी, डॉ. सौरव केडिया, डॉ. अश्विनी कुमार चौधरी, डॉ. अजय कुमार मिश्र, डॉ. सुनील कुमार गुप्ता, डॉ. अर्पिता, डॉ. आशुतोष तिवारी, डॉ. मिमना वीएम, डॉ. विजय लक्ष्मी, डॉ. आशीष कुमार गुप्ता और डॉ. अनिल मीना का चयन किया गया है।
कोट-
एम्स में नए विभाग शुरू करने में सबसे अधिक दिक्कत चिकित्सा शिक्षकों की थी। इसके लिए लगातार भर्ती प्रक्रिया चलाई जा रही है। नए 15 डॉक्टरों के ज्वाइन करने और पुराने चार के प्रमोशन के बाद अब कोर्डियोलॉजी समेत कुछ विभागों में सुपर स्पेशियलिटी शुरू करने की दिशा में प्रयास तेजी से आगे बढ़ रहा है। जल्द ही इसका लाभ लोगों को मिलेगा।
- डॉ. जीके पाल, कार्यकारी निदेशक, एम्स