गोरखपुर। जिला अस्पताल से अपहृत बालिका से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में मंगलवार को पॉक्सो कोर्ट में सुनवाई होगी। सोमवार को वीआईपी कार्यक्रम के चलते अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से विरत रहने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी थी। इस वजह से मामले की सुनवाई एक दिन के लिए टल गई।
मुकदमे में अब तक पांच गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें पीड़िता के पिता और उसकी बड़ी बहन के अलावा घटनाक्रम से जुड़े सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने वाले विशेषज्ञ, कोतवाली के मुकदमा लेखक और स्कूल के प्रधानाचार्य शामिल हैं।
अदालत में इन गवाहों की गवाही मुकदमे की सुनवाई का अहम हिस्सा है। अभियोजन पक्ष की ओर से गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पैरवी की जा रही है। मंगलवार को होने वाली सुनवाई में आगे की न्यायिक कार्यवाही होगी।