गोरखपुर। खेलने के दौरान लगने वाली चोटों का उपचार जिला अस्पताल में हो सकेगा। बुधवार से इसकी व्यवस्था शुरू हो गई। बस्ती के पहले रोगी का उपचार किया गया। फुटबाॅल खेलते समय उनके घुटने में चोट लग गई थी।हड्डी रोग विशेषज्ञ डाॅ. राजन शाही ने लिगामेंट का ऑपरेशन करके मरीज को राहत दी है।
बस्ती के विशाल पाल (18) को डेढ़ माह पहले फुटबाॅल खेलते समय घुटने में चोट लग गई थी। वह चल-फिर नहीं पा रहे थे। उनकी एमआरआई रिपोर्ट में लिगामेंट टूटने की बात सामने आई। परिजनों ने उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उनका ऑपरेशन करके डॉक्टर ने राहत दी। डॉक्टर का कहना है कि जिला अस्पताल में भी अब स्पोर्ट्स इंजरी के उपचार की सुविधा मिलेगी। पहले इसके लिए खिलाड़ियों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज जाना पड़ता था। संवाद