सहजनवां थाना क्षेत्र के गाहासाड़ गांव निवासी एक युवक मंगलवार को दोपहर उस समय चर्चा में आ गया जब वह पत्नी के घर न लौटने से नाराज होकर भटहट कस्बे में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, रियाजुद्दीन का सहजनवां क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाली युवती शहनाज से प्रेम संबंध था। परिजनों की असहमति के बावजूद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से शहनाज अपनी मां साजरुन निशा के साथ भटहट कस्बे में अपने ननिहाल में रह रही थी।
मंगलवार को रियाजुद्दीन अपनी मां के साथ पत्नी को मनाने वहां पहुंचा था। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद भी जब पत्नी साथ जाने को तैयार नहीं हुई तो वह गुस्से में आकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना पर चौकी प्रभारी मदन मोहन मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को नीचे उतरने के लिए समझाने की कोशिश करने लगे लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद पुलिस ने उसकी पत्नी और सास को मौके पर बुलाया।
पत्नी शहनाज ने हैंड माइक से उसे शांत करते हुए सभी विवाद सुलझाने और साथ रहने का भरोसा दिया। पत्नी के आश्वासन के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। बाद में पुलिस ने दोनों पक्षों को गुलरिहा थाने ले जाकर बातचीत शुरू कराई। पुलिस के अनुसार मामला शांत करा लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।