पिछले साल ही पूरा होना था बसियाडीह नाले का निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। बसियाडीह नाले का निर्माण 2023 में ही पूरा होना था, लेकिन काम में सुस्ती और बिजली के खंभे शिफ्ट न होने से इसमें देरी होती गई। अब गोरखनाथ मंदिर के पीछे लगन पैलेस हाॅल से रसूलपुर चौराहा तक 1400 मीटर लंबाई में सड़क की एक ही पटरी पर नाला बनेगा। स्थानीय लोगों की मांग थी कि दोनों पटरी पर नाला बनने से सड़क की चौड़ाई कम हो जाएगी। अब इसकी चौड़ाई भी एक मीटर से घटाकर 75 सेंटीमीटर की जाएगी।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने शनिवार को निर्माणाधीन बसियाडीह नाले का निरीक्षण किया। उन्होंने 30 अप्रैल तक काम पूरा करने की डेडलाइन तय की है। यदि ऐसा नहीं हुआ तो निर्माण करा रही फर्म के साथ अधिशासी अभियंता एवं अवर अभियंता की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
कमिश्नर ने दिए हैं सख्त निर्देश
नगर आयुक्त साइकिल से निरीक्षण करने पहुंचे थे। काम की रफ्तार धीमी देख मुख्य अभियंता संजय चौहान, अधिशासी अभियंता शैलेश कुमार, अवर अभियंता अतुल कुमार और राजकुमार को भी मौके बुला लिया। उन्होंने कहा कि कमिश्नर अनिल ढींगरा ने नाले का निरीक्षण कर इसे हर हाल में 30 अप्रैल तक पूरा कराने का निर्देश दिया था। उसके बाद भी काम की रफ्तार धीमी है। अधिकारियों ने बताया कि लगन पैलेस से रसूलपुर चौराहा हरियाली मैरिज हाल तक बिजली निगम ने 34 में से सिर्फ पांच खंभे ही शिफ्ट किए हैं। इसके लिए बिजली निगम को नोटिस भी दिया गया है, लेकिन खंभों को शिफ्ट करने की रफ्तार काफी धीमी है। इस पर नगर आयुक्त ने समन्वय बनाकर खंभों के शिफ्टिंग का काम तेज कराने के निर्देश दिए।
-
बॉक्स...
निर्माण में सुस्ती से हो रही परेशानी
माधोपुर के पार्षद जयंत निषाद ने बताया कि पिछले काफी समय से नाले का निर्माण चल रहा है लेकिन अभी तक पूरा नहीं हो पाया। इसकी वजह से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। बाहर रखी मिट्टी इस मौसम में उड़कर घरों में आ रही है। जहां पर नाला बन गया है वहां स्लैब भी नहीं रखा। निर्माण जल्द पूरा हो तो जनता को काफी राहत मिल जाए।