शोभायात्रा में बड़ी संख्या में पंजाबी समाज के लोग हुए शामिल
अरदास के बाद गुरुद्वारा में लोगों ने ग्रहण किया लंगर
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। श्री गुरु नानक देव महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शुक्रवार को नगर कीर्तन (शोभायात्रा) गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा जटाशंकर से धूमधाम के साथ निकाली गई।
पांच प्यारों के नेतृत्व में जटाशंकर से प्रारंभ होकर शोभायात्रा आर्य नगर, बक्शीपुर , नखास चौक, रेती चौक , मियां बाजार, घोष कंपनी, टाउन हॉल, गोलघर, धर्मशाला होते हुए वापस गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा जटाशंकर पहुंचकर संपन्न हुई। नगर कीर्तन के आगे पंजाब से आए हुए विशेष पंजाबी बैंड ने सबका मन मोह लिया। पांच प्यारों के आगे निहंग सिंह चल रहे थे। बाबाजी की सवारी के आगे महिलाएं झाड़ू लेकर सड़क साफ कर रही थीं।
बच्चों का अपनी पारंपरिक वेशभूषा में चलना लोगों का मन मोह रहा था। वापिस आने पर गुरुद्वारा साहब में भव्य आरती और पुष्प वर्षा की गई। नगर कीर्तन में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता रही। पूरे रास्ते पर विभिन्न संप्रदायों के लोगों ने नगर कीर्तन का स्वागत किया और चाय नाश्ते का लंगर कराया। अरदास के बाद गुरु का अटूट लंगर बांटा गया। समाज के सभी वर्गों ने एक साथ बैठकर लंगर ग्रहण किया।
इस अवसर पूर्व मेयर डॉ. सत्या पांडेय, जटाशंकर गुरुद्वारे के अध्यक्ष सरदार जसपाल सिंह,अशोक मल्होत्रा, पंजाबी अकादमी के सदस्य सरदार जगनैन सिंह, गगन सहगल, दीपक सिंह सरदार, धर्मपाल सिंह, चरनप्रीत सिंह, सरदार कुलदीप सिंह, नीलू सरदार, गुरमीत कौर आदि मौजूद रहे।