उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बांसगांव इलाके के बहोरवा गांव में मंगलवार की रात पुराने विवाद में गोली चल गई। गोली लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया। बताया जा रहा है कि रुपए के लेनदेन के विवाद में घटना हुई है। घटना की सूचना पर पहुंची बांसगांव पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, खजनी इलाके के गोड़सैरा निवासी जीतेंद्र यादव को बहोरवा गांव के कुछ लोगों से लेनेदन का विवाद था। रात में 10 बजे के आसपास जीतेंद्र कहीं से घर लौट रहे थे। रास्ते में तीन लोगों ने मिलकर रोक लिया। उनके बीच कहासुनी होने लगी। इसी दौरान तीनों व्यक्तियों में से एक ने जीतेंद्र पर तमंचे से फायर कर दिया। कंधे में गोली लगने से वह वहीं गिर गए।
उधर, गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण जब तक मौके पर पहुंचते, तीनों हमलावर वहां से फरार हो चुके थे। घायल के बयान के आधार पर पुलिस ने हमलावरों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी। हमलावरों के कई करीबी रिश्तेदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।