सर्राफा कारोबारी के 10 वर्षीय पौत्र के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से खजनी कस्बे में सनसनी फैल गई। स्कूल से घर लौटने के कुछ ही देर बाद साइकिल लेकर निकले बालक की साइकिल सड़क किनारे लावारिस मिली, जबकि पास के एक खाली खेत में उसकी एक चप्पल बरामद हुई।
घटनास्थल के हालात को देखते हुए पुलिस अपहरण समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया और बच्चे की तलाश के लिए पांच टीमें सक्रिय कर दी गईं।
खजनी कस्बे के सर्राफा कारोबारी लक्ष्मी नारायण वर्मा का पौत्र वैभव वर्मा सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे स्कूल से पढ़ाई कर घर पहुंचा। उसने स्कूल बैग रखने और यूनिफॉर्म बदलने के बाद साइकिल उठाई। दादी ने भोजन करने के लिए आवाज दी तो उसने थोड़ी देर में लौटने की बात कहकर घर से निकल गया।
करीब आधे घंटे बाद परिवार को सूचना मिली कि घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे एक साइकिल लावारिस हालत में खड़ी है। परिजन मौके पर पहुंचे तो साइकिल वैभव की निकली, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। आसपास तलाश करने पर एक खाली खेत में उसकी एक चप्पल भी मिली। इसके बाद परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
क्षेत्राधिकारी मनीष कुमार शर्मा समेत खजनी पुलिस, क्राइम ब्रांच और आसपास के थानों की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच में दोपहर 2:07 बजे वैभव एक दूसरी गली से साइकिल पर जाता हुआ दिखाई दिया।
इसके बाद वह किसी भी कैमरे में नजर नहीं आया, जिससे उसकी आगे की गतिविधियां पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई हैं। इधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर पांच विशेष टीमें गठित की गई हैं।
बच्चे की तलाश के लिए पांच पुलिस टीमें लगाई गई हैं। अपहरण समेत हर संभावित पहलू पर जांच की जा रही है। पुलिस जल्द से जल्द बच्चे को सकुशल बरामद करने के लिए लगातार अभियान चला रही है; दिनेश कुमार पुरी, एसपी साउथ