शाहपुर इलाके के राप्तीनगर चौराहे पर शनिवार रात कार ने महिला को टक्कर मार दी। घायल महिला को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान शाहपुर के राप्तीनगर फेज एक की शैल देवी (45) के रूप में हुई।
महिला के बेटे विराज सिंह की तहरीर पर शाहपुर पुलिस ने कार चालक पर केस दर्ज करके उसे हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक, शैल देवी अपने बच्चे के साथ शनिवार रात 10 बजे राप्तीनगर चौराहे पर कोई सामान लेने गई थी। वह सड़क पार कर रही थीं, इसी दौरान खजांची चौराहे की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने महिला को कुचल दिया।
इसके बाद कार 200 मीटर आगे जाकर एक अन्य कार में टक्कर मार दी। इसके बाद गाड़ी मालिक ने आरोपी कार चालक को राहगीरों की मदद से पकड़ लिया। इसके बाद उसकी पिटाई की फिर शाहपुर पुलिस को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी कार चालक शराब के नशे में था। इधर, हादसे के बाद परिजन पुलिस की मदद से शैल देवी को मेडिकल कॉलेज ले गए जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।