गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर-एक के काशी टोले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। उसके सदमे में उसके भांजे को हार्ट अटैक आया और उसकी भी मौत हो गई। शुक्रवार को मांमा-भांजे का एक साथ बांसस्थान स्थित चिलुआ नदी के किनारे अंतिम संस्कार किया गया। घटना से पूरे गांव में शोक है।
काशी टोला निवासी रामकुमार (80) की तबीयत खराब चल रही थी। उनकी बहन रामरती का बेटा उदय प्रताप भारती (36) अपने मामा के पास बचपन से रहता था। उदय के बड़े भाई की दो वर्ष पहले बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपनी भाभी व चार बच्चों को अपनाकर मामा के पास चला आया।
गांव दूसरे टोले तरकुलहीं में चाय की दुकान पर काम करके परिवार का भरण-पोषण करता था। बृहस्पतिवार की दोपहर तीन बजे मामा रामकुमार की मौत हो गई। इसके सदमे में रात दो बजे अचानक उदय को बेचैनी हुई। वह कपड़े निकाल कर फेंकने लगा। जब तक लोग कुछ समझ पाते उसकी मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। बांसस्थान स्थित चिलुआ नदी के किनारे मामा और भांजे का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया।