राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के पहले बाजार में बढ़ी रौनक, 12 करोड़ के कारोबार का अनुमान
शहर में 350 स्थानों पर होंगे धार्मिक कार्यक्रम और भंडारा, नहीं मिल रहे हलवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के पहले ही गोरक्षनगरी पर भगवा रंग चढ़ने लगा है। पूरे शहर में उत्सव की तैयारी है। बाजार में भी रौनक बढ़ गई है। सूरत और मथुरा से छपाई कराकर ध्वज मंगाए गए हैं। राम नाम का पटका, मिट्टी के दीपक, श्री राम मंदिर मॉडल के साथ ही श्रीरामचरित मानस की मांग खूब है।
350 से अधिक स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रम और भंडारे का आयोजन होंगा। एलईडी स्क्रीन कम पड़ गए हैं और भंडारे के लिए हलवाई नहीं मिल रहे हैं। एक अनुमान के मुताबिक, करीब 12 करोड़ के कारोबार का अनुमान है।
व्यापारिक संगठनों की ओर से भगवा ध्वज और दीपक बांटे जा रहे हैं तो भंडारे के प्रसाद में भी दीपक, भगवा ध्वज सहित अन्य सामान दिए जाएंगे। लोगों के उत्सव की तैयारी को देखते हुए व्यापारियों ने भी पूरी तैयारी कर ली है। भगवा ध्वज, राम नाम का पटका, मिट्टी के दीपक, श्री राम मंदिर मॉडल, श्रीराम चरित मानस की प्रतियां भी लोग खूब खरीद रहे हैं।
शनिवार को गीता प्रेस के सामने झंडे की दुकानों पर ध्वज व मंदिर का मॉडल खरीदने के लिए भीड़ जुटी थी। दुकान पर खरीदारी कर रहे अनिल शर्मा का कहना था कि उन्होंने पांच ध्वज खरीदे हैं जिसे घर और दुकान पर लगाएंगे। तरंग क्राॅसिंग के पास रहने वाले जटाशंकर सिंह ने कहा कि देश का सबसे बड़ा पर्व है। इस बार 22 जनवरी तक भगवा ध्वज से गोरक्षनगरी भगवामय हो जाएगी, जबकि गणतंत्र दिवस पर ध्वजों को देखेंगे तो भगवा और तिरंगा ध्वज एक साथ दिखेंगे।
लालडिग्गी चौराहे के व्यापारी जय प्रकाश गुप्ता ने बताया कि दुर्गा मंदिर के पास भंडारे का आयोजन किया गया है। सहालग के चलते बड़ी मुश्किल से हलवाई मिले हैं। वह भी दो घंटे के लिए काम करेंगे।
कारोबार का अनुमान
सामान कारोबार
भंडारा 2 करोड़ रुपये
भगवा ध्वज व राम नाम पटका 3 करोड़
श्रीराम मंदिर मॉडल 2 करोड़
धार्मिक पुस्तकें 2 करोड़
मिट्टी के दीपक व मोमबत्ती 1 करोड़
मिठाई 1 करोड़
तिल का तेल व पूजन सामग्री 50 लाख
गुब्बारे, झालर व सजावट के अन्य सामान 20 लाख
टेंट एवं केटरिंग 30 लाख
भंडारे के प्रसाद में बंटेगा कंबल
श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर लोगों में बहुत उत्साह है। 22 जनवरी को साहबगंज में 3000 लोगों के भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें किराना, गल्ला, जनरल मर्चेंट सहित 500 व्यापारियों को आमंत्रित किया गया है। भंडारे में आने वाले भक्तों को प्रसाद में कंबल, डिजाइनदार मिट्टी के दीये, तिल का तेल, रूई, राम नाम का पटका, नारियल और लड्डू प्रसाद में दिए जाएंगे। पूरे शहर में 12 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने की संभावना है।
- मनीष जैन, किराना व्यापारी
कम पड़ गए झंडे
भगवा ध्वज की बहुत मांग है। मैंने अब तक 3000 भगवा ध्वज बेच दिया है। बाजार में कुछ लोगों ने भगवा ध्वज और राम नाम के पटका की कीमत बढ़ा दी, लेकिन भगवान के विराजमान के उत्सव में मैंने कीमत नहीं बढ़ाई। अब झंडों की थोक बिक्री नहीं कर रहा हूं, क्योंकि फुटकर के लिए भी पर्याप्त मात्रा में छपाई नहीं हो पा रही है। जय श्रीराम छपे हुए भगवा ध्वज को ही लोग पसंद कर रहे हैं।
- विनोद कुमार, झंडा व्यापारी
ग्राहकों को उपहार में मिट्टी के दीये
श्रीराम लला को मंदिर में विराजमान होना बहुत प्रसन्नता का विषय है। इस विशेष अवसर पर मैंने दुकान और घर को सजाने की व्यवस्था की है। सभी ग्राहकों को मैं उपहार में मिट्टी के दीपक, श्रीराम नाम का पटका और भगवा ध्वज दे रहा हूं ताकि ग्राहकों को भी भगवान की प्राण प्रतिष्ठा में दिवाली मनाने में सुविधा हो। हालांकि, ठंड के मौसम में मिट्टी के दीपक सूख नहीं पा रहे हैं, इस कारण लोगों को पर्याप्त संख्या में दीपक मिलना भी संभव नहीं है।
- शुभम अग्रहरि, गीता प्रेस के सामने
-
देसी घी से बनेगा प्रसाद
मेरी समिति की ओर से लक्ष्मी नारायण मंदिर खूनीपुर में देसी घी के प्रसाद का भगवान को भोग लगाया जाएगा, जिसे प्रसाद में वितरित किया जाएगा। भंडारे में विभिन्न प्रकार के प्रसाद वितरित किए जाएंगे। सर्राफा मंडल की ओर से घंटाघर के अलावा कालीबाड़ी मंदिर, दुर्गा मंदिर लाल डिग्गी चौक सहित शहर के 350 से अधिक स्थानों पर भंडारे होंगे। प्राण प्रतिष्ठा के दिन गोरक्षनगरी दीपावली मनाने की तैयारी में है।
- मुकुंद गोयनका, सेक्रेटरी, राजस्थान सेवा समिति
सूरत और मथुरा से मंगाए झंडे
मेरे संगठन ने तीन दिन में 20 हजार भगवा ध्वज बांट दिए हैं। व्यापारियों की ओर से घर-घर ध्वज बांटा जा रहा है। सूरत और मथुरा में छपाई कराकर ध्वज मंगाए गए हैं। प्राण प्रतिष्ठा के दिन माया टॉकीज के सामने सुबह से रात तक रामधुन बजेगी। भक्तों में प्रसाद बांटा जाएगा। इस बार भगवा कपड़ों की बहुत ज्यादा बिक्री हुई है। एक दिन बाद पूरा शहर भगवा रंग में रंग जाएगा।
- राजेश नेभानी, चेंबर ऑफ टेक्सटाइल्स
पूरी नहीं हो सकी मांग, वेबसाइट पर डाला श्रीराम चरित मानस
फोटो- मनीष वर्मा की।
गोरखपुर। अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर बिक्री के लिए श्रीराम चरित मानस की प्रतियां कम पड़ रही हैं। राजस्थान, मुंबई, गुजरात सहित अन्य शहरों से आई मांग के अनुसार छपाई नहीं हो पाई तो गीता प्रेस ने राम चरित मानस को वेबसाइट पर डाल दिया है ताकि धार्मिक पुस्तक को नहीं खरीद पाने वाले लोग अपलोड करके पढ़ सकें। इसके साथ रामांक, अयोध्या दर्शन, अयोध्या महात्मा सहित जल्द ही प्रकाशित हुई धार्मिक पुस्तकें भी खूब बिक रही हैं।
गीता प्रेस में काउंटर पर बैठे मनीष वर्मा ने बताया कि अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर श्रीराम चरित मानस की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। यहीं कारण है कि भक्तों की भावनाओं को देखते हुए राम चरित मानस को वेबसाइट पर डाल दिया गया है। जहां से 100-200 पुस्तकों की मांग आती है, वहीं से 1000 और 2000 पुस्तकें मांगी जा रही हैं। ऐसे स्थिति में आपूर्ति संभव नहीं है। देश-विदेश के लाेगों में भगवान श्रीराम के बारे में अधिक से अधिक जानने की उत्सुकता है।
-