अगले हफ्ते फिर मेहरबान रहेगा मौसम
गोरखपुर। पिछले कुछ दिनों की उमस भरी गर्मी से इस सप्ताह राहत की उम्मीद है, क्योंकि मौसम मेहरबान हो सकता है। रविवार के बाद लगातार दो-तीन दिनों बारिश की संभावना है। मानसून की ट्रफ लाइन समेत कम दबाव के दो क्षेत्र गोरखपुर के ऊपर सक्रिय होने वाले हैं। ट्रफ लाइन गुजरात से राजस्थान और यूपी होते हुए पश्चिम बंगाल जा रही है। वहीं दक्षिण पश्चिम मध्यप्रदेश के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय हो गया है। इसके साथ ही नौ अगस्त को बंगाल की खाड़ी में एक दबाव का क्षेत्र सक्रिय होगा। इन सब वजहों से गोरखपुर के ऊपर नौ अगस्त से सिस्टम सक्रिय होगा।
गोरखपुर एन्वायरमेंटल एक्शन ग्रुप के मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि गुजरात से पश्चिम बंगाल तक जा रही मानसून ट्रफ लाइन की वजह से नौ अगस्त को 20 से 25 मिलीमीटर बारिश हो सकती है। वहीं बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से 11 और 12 अगस्त को मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।