गोरखपुर विश्वविद्यालय : अस्पताल प्रबंधन की बारीकियां सीख सकेंगे विद्यार्थी
गोरखपुर। दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में विद्यार्थी अब अस्पताल प्रबंधन की बारीकियां भी सीख सकेंगे। इसके लिए विश्वविद्यालय में सर्टिफिकेट कोर्स ऑफ हास्पिटल मैनेजमेंट शुरू करने की तैयारी है। इसमें 30 सीटें होंगी। कोर्स छह महीने का होगा और 10 हजार रुपये शुल्क देने होंगे।
विश्वविद्यालय में पिछले दिनों कला संकाय में नए पाठ्यक्रमों के प्रस्तुतीकरण में सर्टिफिकेट कोर्स ऑफ हास्पिटल मैनेजमेंट के प्रारूप को राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. गोपाल प्रसाद ने सामने रखा था। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन, हेल्थ केयर मैनेजमेंट और मैनेजमेंट हास्पिटल फाइनेंस की रूपरेखा को बताया था। कोर्स में पांच पेपर होंगे। विशेषज्ञों को बुलाकर विद्यार्थियों को अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन से जुड़ी जानकारियां दी जाएंगी। कोर्स के तहत अस्पताल प्रबंधक का व्यवहार, अस्पताल प्रशासन की जरूरतें (डॉक्टर, स्टॉफ, उपकरण आदि), हेल्थ केयर, अस्पताल में फाइनेंस के तौर-तरीके, सुविधाएं कैसे दी जाएं आदि के बारे में बताया जाएगा।
सर्टिफिकेट कोर्स ऑफ हास्पिटल मैनेजमेंट विद्यार्थियों को रोजगार मुहैया कराने में सहायक होगा। यह कोर्स करने के बाद विद्यार्थी अस्पतालों में अच्छे वेतन पर नौकरी पा सकेंगे। लखनऊ विश्वविद्यालय में इस संबंध में डिप्लोमा एवं डिग्री कोर्स संचालित किए जा रहे हैं।
- प्रो. गोपाल प्रसाद, विभागाध्यक्ष राजनीतिशास्त्र विभाग