गोरखपुर यूनिवर्सिटी के एनसी (नाथ चंद्रावत) हॉस्टल में बुधवार रात जांच करने पहुंची कैंट पुलिस ने छात्रों की बाइकों का चालान काट दिया। एक बाइक का पांच हजार का चालान कटने की जानकारी होते ही छात्र आक्रोशित हो गए और हॉस्टल के बाहर सड़क पर बैठकर जाम लगा दिए। देर रात तक छात्र सड़क पर बैठे रहे। उधर, रात में आवागमन कम होने की वजह से पुलिस भी मुस्तैद रही। देर रात साढ़े ग्यारह बजे प्रदर्शन को शांत कराया।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात तकरीबन 8 बजे यूनिवर्सिटी प्रशासन के साथ कैंट पुलिस एनसी हॉस्टल में रूटीन जांच के नाम पर पहुंची थी। उनका कहना था कि हॉस्टल के पास आए दिन मारपीट हो रही है। जांच के दौरान पुलिस ने हॉस्टल परिसर में खड़ी छात्र के बाइको का चालान काट दिया।
छात्र अनुराग सिंह के मोबाइल पर पांच हजार रुपये चालान कटने का संदेश आने पर छात्र आक्रोशित हो गए। छात्र यूनिवर्सिटी बंद कर, प्रशासन एवं पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए हॉस्टल के मुख्य गेट पर पहुंच कर मोहद्दीपुर रोड जाम कर दिया।
जाम की सूचना पर यूनिवर्सिटी चौकी प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मी पहुंच गए। देर रात तक पुलिस एवं यूनिवर्सिटी प्रशासन के लोग छात्रों के मनाने में लगे हुए थे। रात में भी छात्रों का प्रदर्शन जारी रहा। देर रात साढ़े ग्यारह बजे प्रदर्शन को शांत कराया।