दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने रविवार को अलग-अलग कमेटियों के साथ तीन बैठकें की। इसमें प्रवेश परीक्षा, नए सत्र, प्रोफेशनल कोर्स शुरू करने और मीडिया सेल की गतिविधियों पर चर्चा विमर्श कर निर्णय लिया गया।
कुलपति ने अपने आवास पर प्रवेश परीक्षा और सत्र प्रारंभ करने को लेकर हुई बैठक में सत्र 2020-21 में स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा की तैयारी तथा सेमेस्टर एवं वार्षिक परीक्षा से संबंधित विषयों पर चर्चा की। तय हुआ कि व्यापक एकेडमिक और परीक्षा कैलेंडर बनाकर 11 सितंबर को आयोजित एकेडमिक कौंसिल की बैठक में इसे पास कराया जाएगा। स्नातक एवं स्नातकोत्तर की सभी प्रवेश परीक्षाएं 13 अक्तूबर तक करा ली जाएंगी। नया सत्र 15 अक्तूबर से प्रारंभ किया जाएगा।
बैठक में स्नातक प्रवेश परीक्षा समन्वयक प्रतिनिधि प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा, परास्नातक समन्वयक प्रो. विजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह, ईडीपी सेल प्रभारी प्रो. विनय कुमार सिंह, कुलसचिव डॉ. ओम प्रकाश शामिल थे।