डेंगू मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को हुई जांच में डेंगू के सात मरीज मिले हैं। इनमें पांच मरीज नगर निगम और दो मरीज ग्रामीण क्षेत्र के रहने वाले हैं। कुल मरीजों की संख्या 76 पहुंच गई है।
जिला मलेरिया अधिकारी अगंद सिंह ने बताया कि गीता प्रेस के रहने वाले 31 वर्षीय युवक डेंगू पीड़ित मिला है। इसके अलावा बैजनाथपुर का 25 वर्षीय युवक, पीपीगंज के तिघरा का रहने वाले 65 वर्षीय बुजुर्ग डेंगू पीड़ित मिला है। गोरखनाथ इलाके दो युवक और पिपराइच के एक युवक और युवती में भी डेंगू की पुष्टि हुई है।
कूलर, गमलों, टायर, फ्रीज-स्ट्रे में न जमा होने दे पानी
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दूबे ने अपील की है कि कूलर, गमलों, टायर, फ्रीज-स्ट्रे की सफाई विशेष तौर पर करें। इनमें पानी न जमा होने दें। क्योंकि इनके पानी में डेंगू के मच्छर पनपते हैं। कहा कि अगर किसी में डेंगू के लक्षण दिखते हैं तो आशा कार्यकर्ता की मदद से 108 नंबर निशुल्क एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचे। ब्लॉक स्तरीय सरकारी अस्पतालों में डेंगू के प्राथमिक जांच की सुविधा निशुल्क उपलब्ध है।
कैंप लगाकर की गई जांच
सीएमओ के निर्देश पर नगरीय स्वास्थ्य केंद्र बसंतपुर के शेषपुर वार्ड में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य कैंप लगाकर लोगों की जांच की। इस इलाके में संक्रामक बीमारी तेजी से फैली है। यहां डायरिया और डेंगू के मरीज मिले रहे हैं। टीम ने 180 लोगों की जांच की। 31 लोगों के मलेरिया के सैंपल लिए हैं। इसके अलावा छह कालाजार और 34 सैंपल डेंगू के लिए गए हैं।