खो-खो वर्ल्ड कप का आयोजन दिल्ली में 13 से 19 जनवरी के बीच होना है। इसके लिए भारतीय टीम का कैंप शुरू हो गया है। कैंप के लिए गोरखपुर की प्रीति निषाद का भी चयन हुआ है। कैंप में अच्छे प्रदर्शन के आधार पर भारतीय टीम का चयन किया जाएगा।
प्रीति मेडिकल कॉलेज रोड स्थित बरौली गांव की रहने वाली हैं। कोच विनय कुमार जायसवाल ने बताया कि यह कैंप दिल्ली में 10 दिसंबर तक चलेगा। इसमें 60 बालक और 60 बालिकाएं ट्रेनिंग कर रही हैं। उत्तर प्रदेश से केवल चार बालिकाओं का चयन किया गया है, जिसमें गोरखपुर से केवल प्रीति शामिल हैं।
कैंप के लिए चयन मार्च 2024 में आयोजित सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। कैंप के बाद फाइनल टीम का चयन होगा। उन्होंने बताया कि प्रीति टीम में ऑलराउंडर हैं। पिछले आठ वर्षों से इस खेल में हैं और अभी तक 10 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुकी हैं।
मजदूरी करते हैं पिता, गुरु ने दिया साथ
प्रीति के पिता वीरेंद्र निषाद राजमिस्त्री का कार्य करते हैं। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण प्रीति अपने गांव पर ही अभ्यास करती हैं। संसाधनों के अभाव में भी दृढ़ संकल्पों के साथ खेल के मैदान में डंटे रहने का ही नतीजा है कि भारतीय कैंप में प्रीति को जगह मिली है।
उम्मीद की जा रही है कि विश्वकप के लिए घोषित टीम में भी प्रीति का नाम हो। प्रीति ने बताया कि पिता ने हमेशा खेलने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही कोच विनय जायसवाल और अरविंद पासवान ने मार्गदर्शन दिया। उन्होंने खेल के सभी दांव-पेंच सिखाए वहीं, जहां भी संसाधनों की जरूरत पड़ती तो उसे समय से उपलब्ध कराया।
इस मुकाम तक पहुंचाने में उपेंद्र साहनी, आशीष, ओम प्रकाश पासवान, रमाशंकर, उपेंद्र गोंड, ऋषिकेश, टिंकू जायसवाल आदि का भी विशेष योगदान रहा।
उनके चयन पर भारतीय खो-खो संघ के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल, महासचिव एमएस त्यागी, समन्वयक रविकांत मिश्रा, गोरखपुर शारीरिक शिक्षा अध्यापक महापरिषद के अध्यक्ष जय हिंद यादव, आलोक श्रीवास्तव, रतींद्र रंजन पांडेय, डॉ. अरुणेंद्र राय, विनय जायसवाल, संतोष सिंह, विवेकानंद मिश्र आदि ने बधाई दी।