परिवहन निगम : गोरखपुर रोडवेज को कमाई में मिला पहला स्थान
गोरखपुर। रोजाना औसत एक करोड़ रुपये से अधिक कमाकर परिवहन निगम ने नया रिकार्ड बना दिया है। गोरखपुर परिक्षेत्र ने नवंबर और दिसंबर में घाटे की भरपाई करते हुए करीब छह करोड़ साठ लाख रुपये का लाभ अर्जित किया है। इसके साथ ही कमाई के मामले में गोरखपुर परिक्षेत्र प्रदेश में पहले पायदान पर पहुंच गया है।
पिछले वर्ष की तुलना में कोरोना काल में लॉकडाउन के घाटे से उबरते हुए निगम ने आम यात्रियों को सकुशल उनके गंतव्य तक पहुंचाते हुए भरपूर कमाई भी की है। नवंबर में लगभग दो करोड़ 36 लाख के घाटे की भरपाई करते हुए तीन करोड़ 18 लाख तथा दिसंबर में तीन करोड़ 74 लाख के घाटे की भरपाई करते हुए तीन करोड़ 30 लाख लाभ अर्जित किया है। यह तब है जब निगम की 96 बसें परिवहन विभाग में सरेंडर थीं। चालकों और परिचालकों का भी टोटा था। दरअसल, रोडवेज को इन दो माह में ट्रेनों के नहीं चलने का भी फायदा मिला है। हालांकि, नए साल में इंटरसिटी ट्रेनों के चलने के बाद भी बसों की भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है।
परिवहन विभाग भी राजस्व वसूली में अव्वल
परिवहन निगम के नक्शे कदम पर चलते हुए परिवहन विभाग (आरटीओ) भी दिसंबर में राजस्व वसूली में अव्वल रहा है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) श्याम लाल के अनुसार 18 करोड़ 40 लाख के सापेक्ष विभाग ने जनपद में 20 करोड़ 40 लाख रुपये राजस्व अर्जित किया है। यह राजस्व ड्राइविंग लाइसेंस, टैक्स, पंजीयन और चालान मद से प्राप्त हुआ है।