थानों में महिला हेल्प डेस्क स्थापित, महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती
गोरखपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले के सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क स्थापित कर दिया गया है। वहां महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती भी कर दी गई है। शिकायत लेकर थाने आने वाली महिलाओं को एक पर्ची भी पावती के रूप में दिया जा रहा है।
उधर, डीआईजी राजेश डी मोदक व एसएसपी जोगेंद्र कुमार बृहस्पतिवार को खोराबार थाने पहुंचे और वहां महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर दिशा- निर्देश दिए। जानकारी के मुताबिक, शाहपुर, हरपुर बुदहट, खोराबार, कैंट सहित तमाम थानों में शिकायत करने आने वाली महिलाओं को पावती रसीद दी गई। इसका फायदा यह होगा कि पुलिस तहरीर मिलने-न मिलने को लेकर हीलाहवाली नहीं कर सकेगी। महिलाएं पावती रसीद को सबूत के साथ दिखाकर बता सकेंगी कि उन्होंने किस दिन पुलिस को तहरीर दी थी। इससे पहले महिलाएं दीवान या अन्य किसी जिम्मेदार को तहरीर देकर चली जाती थीं। बाद में दोबारा थाने आने पर उनसे पूछा जाता था कि तहरीर दी कि नहीं। गायब होने का हवाला देकर दोबारा तहरीर देने के लिए पुलिसकर्मी कह देते थे। गोरखनाथ सीओ रत्नेश सिंह ने बताया कि अब थानों में सुनवाई नहीं होने पर महिलाएं पावती पर्ची के साथ अधिकारियों से संपर्क कर सकती हैं। हेल्प डेस्क चौबीस घंटे सातों दिन फरियादियों के लिए खुला रहेगा। यहां आठ-आठ घंटे के शिफ्ट में महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी।
डीजीपी ने जारी किया था आदेश
मिशन शक्ति अभियान के तहत बीते दिनों डीजीपी ने थानों में महिला हेल्प डेस्क बनाने और वहां शिकायत करने वाली महिलाओं को एक प्रोफार्मा भरकर पावती पर्ची के रूप में देने का निर्देश जारी किया था। पावती पर्ची में शिकायतकर्ता का नाम, पता, मोबाइल नंबर, जांचकर्ता अधिकारी (उपनिरीक्षक) व थानेदार का नाम व मोबाइल नंबर अंकित करने का निर्देश दिया गया था।