पिछला शुक्रवार शांतिपूर्ण निपटने के बाद पुलिस उसी तर्ज पर इस बार भी जुमे पर सतर्कता बरत रही है। पुलिस के मुताबिक जिले को त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है। पैरामिलिट्री, पीएसी के अलावा पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जितनी पुलिस सड़कों पर है, उससे ज्यादा पुलिस लाइंस में तैयार रहेगी। कोई उपद्रव होने पर पांच मिनट के अंदर जिले को छावनी में बदल दिया जाएगा। ज्यादातर जगहों पर नई उम्र के पुलिस वालों की तैनाती की गई है। ड्रोन कैमरे उड़ाकर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेगी।
एसएसपी डॉ. सुनील कुमार गुप्ता ने पुलिस लाइंस में पैरामिलिट्री फोर्स को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। बृहस्पतिवार को ही सुरक्षाकर्मियों से कहा कि जिले में धारा 144 लागू है। कहीं भी किसी भी सूरत में इसका उल्लंघन न होने पाए।
यदि कोई व्यक्ति या समूह ऐसा करता है तो उससे सख्ती से निपट जाए। जुमे की नमाज शांतिपूर्ण हो इसके लिए कोतवाली सर्किल की सभी 167 मस्जिदों पर पुलिस और पीएसी जवानों को तैनात किया गया है।
शांति समितियों से कहा गया है कि वे लोगों के बीच रहेंगे और उनसे शांति बनाए रखने की अपील करते रहेंगे। एसएसपी डॉ. सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बृहस्पतिवार को कोतवाली सर्किल में फ्लैग मार्च किया।
पुलिस के अधिकारी और जवान तिवारीपुर थाने से निकलकर जाफरा बाजार होते कोतवाली और राजघाट इलाके की सड़कों से गुजरे।