सहजनवां। गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन पर सोमवार को लंबा जाम लग गया। करीब चार घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। जाम खत्म कराने के लिए पुलिस नजर नहीं आई।
गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन पर यात्रा कर रहे लोगों के लिए सोमवार का दिन काफी परेशानियों भरा रहा। सुबह करीब 7:30 बजे कालेसर जीरो प्वाॅइंट से जाम लगना शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे भीटी रावत तक पहुंच गया। संतकबीरनगर से कालेसर जाने वाली एक लेन पूरी तरह जाम थी।
इसके चलते वाहनों की लंबी कतार लग गई। दोपहिया वाहन चालक इधर-उधर से निकल रहे थे, लेकिन चार पहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कत झेलनी पड़ी। दोपहर में करीब 12:30 बजे के आसपास किसी तरह से जाम खत्म हुआ। तब लोगों ने राहत की सांस ली।
अतिक्रमण के चलते अक्सर लगता है जाम
थाना चौराहे पर फोरलेन सड़क के दोनों तरफ सर्विस लेन पर अतिक्रमण के चलते लोगों को परेशानी होती है। एक लेन पर दुकानदारों ने अतिक्रमण कर अपनी दुकानें सजा ली हैं तो दूसरे पर थाने में पकड़ी गईं गाड़ियां शोभा बढ़ा रही हैं। इसके चलते आए दिन लोगों को जाम में परेशान होना पड़ता है। इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।