बेलीपार में शराब की दुकान हटाने के महिलाएं प्रदर्शन करती।
महावीर छपरा। बेलीपार के सेवई गांव में विद्यालय के पास स्थित देसी शराब की दुकान को हटाने के लिए महिलाओं ने सड़क पर उतरकर हंगामा किया। शुक्रवार को करीब 50 की संख्या में पहुंची महिलाओं ने सुबह शराब की दुकान नहीं खुलने दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आबकारी विभाग के सीओ को बुलाकर महिलाओं को समझाया। तब जाकर महिलाएं शांत हुईं।
शुक्रवार को जैसे ही दुकान खुलने का समय हुआ। गांव की महिलाएं वहां पहुंच गईं और सामने खड़ी होकर प्रदर्शन करने लगीं। हंगामे की सूचना पर बेलीपार थाना प्रभारी विशाल कुमार सिंह फोर्स के साथ वहां पहुंचे। पुलिस ने महिलाओं का समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं मानीं। इसके बाद आबकारी सीओ श्याम कुमार को बुलाया गया। उन्होंने महिलाओं को समझाते हुए आश्वासन दिया कि शराब के ठेके के लाइसेंस की अवधि मार्च 2025 में खत्म हो रही है। तब तक दुकान की कहीं और व्यवस्था करने के लिए ठेका मालिक को कह दिया गया है। महिलाओं ने विद्यालय के पास से मदिरालय को हटाने के लिए बृहस्पतिवार को डीएम ऑफिस जाकर जिलाधिकारी के नाम पर पत्र दिया था।