गोरखपुर। एम्स के दंत शल्य विभाग के डॉक्टरों की टीम ने महिला के चेहरे की प्लास्टिक सर्जरी कर उसके चेहरे को दोबारा सही किया है। महिला के घर में एक व्यक्ति ने रात में घुसकर जानलेवा हमला कर उसके चेहरे, नाक, कान, गर्दन को बुरी तरह से जख्मी कर दिया था। जिसके बाद उसे एम्स में इलाज के लिए लाया गया था।
एम्स के पास की रानीडीहा में 26 वर्षीय महिला अपनी बेटी के साथ रहती थी। अनजान व्यक्ति के हमले के बाद महिला को देर रात एम्स के ट्रामा एवं इमरजेंसी में लाया गया। महिला की हालत की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने रात में ही ऑपरेशन का निर्णय लिया। विभाग के ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जन डॉ. शैलेश कुमार ने टीम के साथ तीन घंटे तक महिला के चेहरे की प्लास्टिक सर्जरी की। इसके बाद महिला को अपना चेहरा दोबारा प्राप्त हुआ। ऑपरेशन में उनके चेहरे की लार ग्रंथि को जोडने के बाद चेहरे की नसों को जोड़ा गया जिससे भविष्य में चेहरे की पैरालिसिस को रोका जा सकेगा।
एम्स सीईओ डॉ. जीके पॉल ने डाक्टरों की टीम को बधाई देने के साथ मरीज के स्वास्थ्य की जानकारी ली और टीम को आवश्यक निर्देश दिए।ऑपरेशन में ट्रामा एवं इमरजेंसी विभाग के डाॅक्टरों और डीएमएस डाॅ. अंकिता काबी का पूरा सहयोग रहा। ऑपरेशन में दंत विभाग की रेजिडेंट डाॅ. दिव्या ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।