गोरखपुर। गीडा में सबसे अधिक निवेश करने वाली कंपनी वरुण बेवरेज की इकाई का उद्धाटन 28 सितंबर को प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री कार्यालय से इस पर सहमति मिलने का इंतजार किया जा रहा है। पहले भी एक बार प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन तब मुख्यमंत्री दूसरे कार्यक्रमों में व्यस्त होने के चलते यहां नहीं आ पाए थे।
वरुण बेवरेज ने गीडा में 1100 करोड़ का निवेश कर दो यूनिट एक साथ लगाई है। एक यूनिट में कोल्ड ड्रिंक्स का उत्पादन हो रहा है, जबकि दूसरे में दूध और दूध से बने पदार्थ बनाए जाएंगे। कोल्ड ड्रिंक्स का उत्पादन बीते मार्च में ही शुरू हो गया था। अब दूसरी यूनिट का उद्घाटन होना है। इसके लिए जून से ही तैयारी चल रही है, लेकिन अभी तक इस कार्यक्रम को मंजूरी नहीं मिली है। गीडा प्रशासन से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अब इस फैक्टरी के उद्घाटन की तिथि प्रस्तावित करते हुए मंजूरी के लिए सीएम कार्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है।
जिस जगह वरुण बेवरेज का प्लांट लगा है, वह इलाका अभी पूरी तरह से विकसित नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि इसी कारण फैक्टरी संचालक जून-जुलाई में यहां मुख्यमंत्री का कार्यक्रम लगवाना नहीं चाहते थे। सीएम का कार्यक्रम लगने पर कालेसर में बने एक होटल व गीडा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विकास की भी आधारशिला रखने की संभावना है।