- सहजनवां नगर पंचायत के एक वार्ड का मामला, पुलिस कर रही जांच
सहजनवां। नगर पंचायत सहजनवां के एक वार्ड में में मारपीट की घटना को लेकर महिला और सभासद पक्ष आमने-सामने आ गए हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नगर पंचायत निवासी महिला ने तहरीर में आरोप लगाया है कि बुधवार देर शाम घर के पास एक युवक द्वारा उनके बेटे से गाली-गलौज और मारपीट की गई। वह बेटे को लेकर घर चली आईं। इसके कुछ देर बाद वार्ड सभासद और उनके सहयोगी घर में घुस आए और उनके पति, बेटे और बेटियों के साथ मारपीट की। इस घटना में उनके पति और बेटे को चोटें आई हैं। पीड़िता ने पूरे परिवार के साथ मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। वहीं, वार्ड के सभासद ने भी तहरीर देकर आरोप लगाया है कि महिला पक्ष ने उनके घर पर चढ़कर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके और उनके परिजनों के साथ मारपीट की गई और जाति सूचक गालियां भी दी गईं।
इस संबंध में एसएसआई पंकज सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।