पिछले साल चौड़ीकरण को मिली थी मंजूरी, लोगों की आपत्ति के बाद सड़क की चौड़ाई 29 मीटर से घटाकर 20.5 मीटर की गई
गोरख्पुर। असुरन चौक से पिपराइच तक करीब 19.5 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन बनाने को लेकर बने नए प्रस्ताव को मंजूरी के लिए भेजा गया है। अनुमति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसकी जद में आ रहे मकान, दुकान व जमीनों का मुआवजा देना शुरू होगा। इसके साथ ही निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा। सीएम की सहमति के बाद इसे विभागीय मंजूरी के लिए भेजा गया है।
पिपराइच रोड पर शहर का तेजी से विकास हो रहा है। कुशीनगर जिले से जुड़ी इस सड़क पर वाहनों के दबाव को देखते हुए पिछले साल फोरलेन बनाने की मंजूरी मिली थी। पहले यह सड़क असुरन से लेकर पिपराइच तक 29 मीटर चौड़ी बननी थी, लेकिन असुरन के व्यापारियों के विरोध को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर सड़क की चौड़ाई घटाकर 20.5 मीटर कर दी गई। इसके बाद पिपराइच के लोग कस्बे में चौड़ी सड़क बनने का विरोध कर रहे थे। वह कस्बे को बचाने के लिए बाईपास से फोरलेन को निकालने की मांग कर रहे थे।
व्यापारियों की मांग पर पीडब्ल्यूडी ने पिपराइच कस्बे में भी चौड़ाई घटाकर 20.5 मीटर कर दिया है। चौड़ाई घटने से कस्बे के बहुत से व्यापारियों का मकान और दुकान टूटने से बच जाएंगे। नई डिजाइन में दोनों लेन की चौड़ाई 7-7 मीटर रहेगी। शेष पर डिवाइडर, फुटपाथ और नाला का निर्माण किया जाएगा।
नई डिजाइन के अनुरूप हो चुका है सर्वे
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड तृतीय को इस सड़क के निर्माण की जिम्मेदारी मिली है। नए प्रस्ताव के अनुरूप जमीन के सीमांकन के साथ ही असुरन से लेकर पिपराइच तक सड़क की पैमाइश का काम भी पूरा हो गया है। कहां कितनी मकान टूटेगी और कितनी जमीन का अधिग्रहण होगा, ये सारी गणना हो चुकी है। अब इसके अनुरूप निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
वर्जन
मुख्यमंत्री के सुझाव के अनुसार तैयार नई डिजाइन का प्रस्ताव बनाकर मंजूरी के लिए भेजा गया है। प्रयास किया गया है कि सड़क निर्माण के चलते कम से कम मकान तोड़ने पड़ें। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के तुरंत बाद मुआवजा वितरण शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही निर्माण कार्य भी आरंभ करा दिया जाएगा।
अरविंद कुमार, अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड-तृतीय