स्थानीय लोगों का कहना- जंगल तिनकोनिया के पास तेज आवाज में बज रहा था डीजे
विशेषज्ञों का कहना- महराजगंज से आ गया होगा तेंदुआ
गोरखपुर। मोहनापुर में तेंदुआ दिखने के बाद से ही हड़कंप की स्थिति है। लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे। बाहर निकलने वाले लोग लाठी लेकर निकल रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में जंगल तिनकोनिया के पास तेज आवाज में डीजे बज रहा था। माना जा रहा है कि तेंदुआ शोर से परेशान होकर शहर की तरफ आ गया।
आमतौर पर जंगल तिनकोनिया में तेंदुए नहीं रहते। वन विभाग से जुड़े विशेषज्ञाें का मानना है कि तेंदुआ महराजगंज के सोहगीबरवा के जंगल से आ गया होगा। वह नदी किनारे या किसी अन्य रास्ते जंगल तिनकोनिया में पहुंचा होगा। भोजन की तलाश या किसी अन्य कारण से वह शहर में प्रवेश कर गया। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर तेंदुए की तलाश कर रही है।
स्थानीय नागरिक सुनील चौधरी ने बताया कि रविवार की रात जंगल तिनकोनिया के पास तेज आवाज में डीजे बज रहा था। इसकी आवाज मोहनापुर तक आ रही थी। ऐसा हो सकता है कि तेंदुआ शोर से परेशान होकर आबादी के बीच आ गया। विवेक यादव ने कहा कि तेंदुए का वीडियो वायरल होने के बाद से ही लोग दहशत में हैं।
महिला की बात पर किसी ने नहीं किया भरोसा
नाई टोला की गीता देवी ने बताया कि सुबह 4:30 बजे के करीब वह छत पर टहल रही थीं। इसी दौरान तेंदुए को देखा। सुबह कई लोगों से बताया कि मोहल्ले में तेंदुआ घूम रहा था लेकिन किसी ने विश्वास नहीं किया। शाम को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने पर लोगों को विश्वास हो गया। दीपक सिंह के मकान के बगल में लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ दिख रहा है।
बच्चों को बाहर नहीं निकाला
तेंदुए का वीडियो वायरल होने के बाद से ज्यादातर लोग घरों में कैद हो गए। बहुत जरूरी पड़ने पर ही घर से निकले। लोगों ने बच्चों को घर से नहीं निकलने दिया। वहीं, कुछ लोग लाठी लेकर बाहर पहरा देते रहे। वन विभाग की टीम ने भी लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं। घर में ही रहें। यदि कहीं तेंदुआ दिखे तो तुरंत सूचित करें।