तिवारीपुर थाने में 13 वर्षीय किशोरी की नानी ने दर्ज कराया आमिर के खिलाफ अपहरण का केस
गोरखपुर। तिवारीपुर थाना क्षेत्र में शादी का रिश्ता ठुकराने पर 13 वर्षीय किशोरी को युवक बहला फुसलाकर भगा ले गया। किशोरी की नानी की तहरीर पर बुधवार को तिवारीपुर थाने में आमिर नाम के एक युवक पर अपहरण का केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तिवारीपुर पुलिस के मुताबिक, 13 वर्षीय किशोरी अपने नानी के घर पर रहकर पढ़ाई करती है। किशोरी की नानी ने तहरीर देकर बताया है कि एक माह से नातिन आमिर से मोबाइल पर बात करती थी। मना करने पर वह मान नहीं रही थी। आरोपी युवक ने नातिन को अपने मोह जाल में फंसा लिया है। कुछ दिन पहले आरोपी युवक के परिवार के लोग शादी का रिश्ता लेकर घर पर आए थे।
बच्ची की उम्र कम होने की वजह से शादी करने से मना कर दिया गया। इसके बाद नौ अप्रैल को भोर में करीब चार बजे नातिन को आरोपी युवक भगा ले गया। काफी खोजबीन करने की कोशिश की गई, लेकिन कहीं पता नहीं चल पाया। उसके साथ कोई अप्रिय घटना भी हो सकती है। तिवारीपुर थाने के उप निरीक्षक दीनानाथ पांडेय को इस केस की जांच सौंपी गई है। दीनानाथ पांडेय ने बताया कि बहुत जल्द किशोरी ढूंढ निकाला जाएगा।