प्रदेश में 14 जून से मानसून के लिए प्रणाली सक्रिय होने की जताई गई थी उम्मीद
गोरखपुर। मौसम विज्ञान विभाग ने 14 जून से पूर्वी यूपी समेत पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश की उम्मीद जताई थी। दो दिन पहले से इसके लिए एक प्रणाली सक्रिय होने की बात भी कही गई थी। इस पूर्वानुमान के अनुसार 12 व 13 जून को तो हल्की बारिश हुई, लेकिन 14 जून को पूर्वानुमान पूरी तरह से विपरीत हो गया। पूरे दिन तेज धूप के चलते लोग परेशान रहे। अधिकतम तापमान भी 41.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
इस बार मई के अंतिम सप्ताह में उम्मीद से कई गुना अधिक बारिश हुई। यहां तक कि अधिकतम तापमान घटकर 32 आ गया था तो न्यूनतम तापमान भी 24 रह गया था। इसके बाद जून में अच्छी बारिश की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन मौसम एकदम से पलट गया। पहले 14 दिन में केवल 12 व 13 जून को ही हल्की बारिश हुई। दोनों दिन मिलकर भी 10 एमएम बारिश नहीं हो पाई। 14 जून से पूरे प्रदेश में मानसून के प्रभाव से अच्छी बारिश की उम्मीद थी, लेकिन पूरे दिन लोग धूप से परेशान रहे।
सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तापमान
शनिवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है।
आर्द्रता
अधिकतम: 81 प्रतिशत
न्यूनतम: 42 प्रतिशत
वर्षा: 0.0 एमएम