मौसम ने ली करवट, दिन भर चली पुरुवा हवा
गोरखपुर। एक सप्ताह की बेरुखी के बाद मानसून एक बार फिर पूर्वी उत्तर प्रदेश में सक्रिय हुआ है। रविवार को दोपहर बाद से देर शाम तक बादल छाए रहे। इस दौरान शहर के अलग-अलग हिस्सों में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने 10 एमएम बारिश रिकॉर्ड की है। सोमवार को शहर में झमाझम बारिश का पूर्वानुमान है।
इस बार समय से पहले मानसून आने के बावजूद बारिश नहीं हो रही है। बीते 10 दिन में केवल एक दिन 22 जून को ही 74 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई थी। उसके बाद से किसी दिन 1.5 तो किसी दिन 2 एमएम ही बारिश हुई। वहीं दिन में तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया था। दक्षिण पश्चिम मानसून रविवार को पूरे प्रदेश में छा गया। इसके असर से पश्चिमी यूपी में तो जमकर बारिश हुई, लेकिन पूर्वी यूपी में कम बारिश हुई। हालांकि मानसून की सक्रियता की वजह से गोरखपुर और उसके आस-पास बारिश हुई। मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, शहर में 10 एमएम बारिश रिकार्ड की गई।
मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून की सक्रियता के बाद मंगलवार को पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश का अनुमान है। वहीं एक जुलाई से तीन दिन तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश होगी। मंगलवार को हुई बारिश के बाद तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी।
रविवार का तापमान
अधिकतम: 34 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम: 26.8 डिग्री सेल्सियस
-
आर्द्रता
अधिकतम: 98 प्रतिशत
न्यूनतम: 71 प्रतिशत
वर्षा: 10 एमएम