तेज बारिश के साथ ओले पड़ने से नगर आयुक्त की गाड़ी का शीशा व बोनट भी क्षतिग्रस्त
सड़क पर पानी भरने से बच्चों और अभिभावकों को हुई परेशानी
नगर आयुक्त ने किया जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण
गोरखपुर। शहर में सुबह हुई तेज बारिश के बाद सिविल लाइन स्कूल रोड में जलभराव हो गया। स्कूलों के आगे सड़क पर पानी भरने से बच्चों और अभिभावकों को निकलने में परेशानी हुई। नगर निगम की टीम ने सक्शन मशीन की मदद से पानी निकाला जिसके बाद लोगों को राहत मिली।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर मुख्य अभियंता संजय चौहान टीम संग सिविल लाइन पहुंचे। उन्होंने दो सक्शन मशीन लगाकर पानी को निकलवाया। मुख्य अभियंता ने नाले की सफाई के निर्देश दिए ताकि आगे जलभराव की समस्या न हो। बारिश के बाद नगर आयुक्त ने पूरे शहर का निरीक्षण किया। तेज बारिश के साथ ओले पड़ने से नगर आयुक्त की गाड़ी का शीशा व बोनट भी क्षतिग्रस्त हो गया। नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग के सभी अवर अभियंता, सहायक अभियंता एवं अधिशासी अभियंता को फील्ड में रहकर अपने क्षेत्र में पंप व सेंपवेल चलवाने को कहा। उन्होंने सड़कों के किनारे लगे पानी को हटाने के लिए जलकल की सक्शन मशीनों को लगाने का निर्देश दिया।
नालों पर अतिक्रमण करने वालों पर लगाएं 50 हजार का जुर्माना
गोरखपुर। बृहस्पतिवार को बारिश के बाद नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने अधिकारियों संग बैठक की। नगर आयुक्त ने जलभराव वाले स्थलों को चिह्नित कर वहां पंपिंग सेट लगाने का निर्देश दिया। कहा कि नालों पर हुए अतिक्रमण को हर हाल में हटाया जाए। अतिक्रमण करने वालों पर पांच हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जाए। सड़क के किनारे बिल्डिंग मैटेरियल रखने वालों का भी चालान किया जाए।
नगर आयुक्त ने नालों की सफाई की समीक्षा करते हुए शहर के सभी छोटे, मझौले और बड़े नालों की 15 जून तक तीन चरणों में सफाई कराई जाए। निरीक्षण के दौरान वाकी-टॉकी पर जवाब नहीं देने पर एक अवर अभियंता व सफाई निरीक्षक का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने सफाई कार्यों में लापरवाही को लेकर एक सफाई निरीक्षक पर नाराजगी जताते हुए सफाई के तुरंत बाद सिल्ट हटाने को कहा। नगर आयुक्त ने अर्बन फ्लड मैनेजमेंट के कार्यों को लेकर सहायक नगर आयुक्त अविनाश प्रताप सिंह को दिशा निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने सूरजकुंड से डोमिनगढ़ घाट तक नया नाला बनाने के लिए मुख्य अभियंता से प्रस्ताव तैयार करने को कहा। कहा कि एयरपोर्ट से लेकर गोरखनाथ मंदिर तक सड़क पर किसी भी दशा में जलभराव नहीं होना चाहिए। रीजनल स्टेडियम के सामने जलभराव की समस्या दूर करने करने को कहा।