मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिये ,राजघाट के पास नगर निगम द्वारा बनाया गया कृत्रिम तालाब ।
एकला बांध के पास नगर निगम ने शुरू की तैयारी
गोरखपुर। राप्ती नदी का जलस्तर तेजी से घटने लगा है। ऐसे में आगामी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को देखते हुए नगर निगम ने कृत्रिम पोखरे तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। एकला बांध के पास निगम की ओर से तीन पोखरे बनाए जा रहे हैं। जहां सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से विसर्जन कराया जा सकेगा।
बुधवार दोपहर से स्थल पर सफाई कार्य और पोखरों की तैयारी का काम शुरू हो गया। निगम की मशीनरी पोखरों की खुदाई और आसपास समतलीकरण में जुटी रही। वहीं, पोखरों तक पहुंचने के लिए रास्ता बनाया जा रहा है ताकि प्रतिमा लेकर आने वाले वाहन और श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि रास्तों पर लोहे की प्लेटें बिछाई जाएं जिससे भारी वाहनों की आवाजाही सुचारु बनी रहे।
इसके अलावा नगर आयुक्त ने विसर्जन स्थल पर निगम की ब्रांडिंग और जागरूकता संबंधी होर्डिंग लगाने, पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने, प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने और अस्थायी कैंप कार्यालय स्थापित करने के आदेश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां अगले एक सप्ताह में पूरी कर ली जाएं, ताकि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।
अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि कृत्रिम पोखरों के पास सफाई शुरू कर दी गई है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित स्थल उपलब्ध कराना प्राथमिकता में है। तय समय सीमा में सारे कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।