उनवल। खजनी थाना क्षेत्र के कतनी गांव में 15 वर्ष के किशोर की डूबने की सूचना पर तीन घंटे तक तालाब में एसडीआरएफ उसकी तलाश करती रही। जबकि, किशोर बगल के ही खेत में नशे की हालत में गिरा मिला।
जानकारी के अनुसार, कतनी गांव में स्थित कुसुम इंटर कॉलेज के पीछे तालाब के पास दो भाई बैठे थे। तभी एक भाई कुछ काम से वहां से चला गया, वापस आकर देखा तो छोटा भाई वहां नहीं था। उसे लगा कि छोटा भाई तालाब में गिर गया है। यह सूचना गांव वालों का दे दी। जिसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ ने उसे तालाब में ढूंढना शुरू कर दिया। तीन घंटे तक किशोर का कहीं पता नहीं चला, तभी किसी की नजर बगल के खेत में पड़ी। वहां किशोर गिरा पड़ा मिला। पास जाकर देखने पर पता चला कि किशोर ने बहुत अधिक शराब पी रखी थी। इसलिए वह वहीं पर नशे की हालत में गिरा पड़ा था।