गोरखपुर। शहीद शिव सिंह छेत्री क्षेत्री नगर में जंगल तुलसीराम में तालाब की जमीन पर अतिक्रमण करने वालों को अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने सख्त चेतावनी दी। उन्होंने मातहतों को तालाब की जमीन को चिन्हित कर बाड़बंदी करने का आदेश दिया है।
अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह, शुक्रवार की सुबह वार्ड नंबर 23 शहीद शिव सिंह क्षेत्री नगर पहुंचे। वहां पार्षद चंद्रभान प्रजापति के साथ जंगल तुलसीराम गाटा संख्या 1461 में 1950 वर्ग मीटर में स्थित तालाब का निरीक्षण किया। आसपास काश्तकार जमीन प्लॉटिंग कर बिक्री कर रहे थे। उन्होंने पार्षद की मांग पर जमीन की बाड़बंदी कराने के साथ सुंदरीकरण कराने का आश्वासन भी दिया। आसपास प्लाॅटिंग कर रहे लोगों को चेताया कि अतिक्रमण मिला तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद अपर नगर आयुक्त वार्ड नंबर 18 गायत्रीनगर पहुंचे। यहां गाटा संख्या 42 और 43 के बीच रास्ते के विवाद का समाधान कराया। यहां पार्षद प्रतिनिधि रामनाथ निषाद भी उपस्थित रहे।