गोरखपुर। रीजनल स्टेडियम में आयोजित अखिल भारतीय प्राइजमनी पुरुष वाॅलीबाल प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में उत्तर रेलवे ने उत्तर प्रदेश पुलिस को हराकर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले के पहले सेट में ही उत्तर रेलवे ने यूपी पुलिस को 25-22 से पराजित किया। दूसरे सेट में उत्तर प्रदेश पुलिस ने वापसी करते हुए 25-21 से जीत दर्ज की। तीसरे सेट में उत्तर रेलवे ने वापसी करते हुए 25-20 से सेट जीतकर बढ़त बना ली।
चौथे सेट के मुकाबले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने बेहतर तालमेल दिखाते हुए 25-21 से इसे अपने नाम कर लिया। पांचवें व निर्णायक सेट में उत्तर रेलवे ने उत्तर प्रदेश पुलिस को 15-12 अंकों से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।
विजेता टीम को शील्ड और कप देकर सम्मानित किया गया
- फोटो : अमर उजाला
तीसरे स्थान के लिए कुरुक्षेत्र (हरियाणा) और इंडियन नेवी के बीच मैच खेला गया। इसमें कुरुक्षेत्र ने रोमांचक मुकाबले में 13-25, 25-18, 25-23 से जीत दर्ज की। पुरस्कार वितरण और समापन समारोह के मुख्य अतिथि एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह रहे।
आरएसओ आले हैदर ने उनका स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने विजेता एवं उप विजेता टीमों को नकद पुरस्कार, ट्राॅफी और मेडल प्रदान किए। उत्तर रेलवे नई दिल्ली (विजेता) को दो लाख, उत्तर प्रदेश पुलिस (उप विजेता) को एक लाख और कुरुक्षेत्र हरियाणा (तृतीय स्थान) की टीम को 50 हजार रुपये की इनामी राशि भी दी गई।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य माया शंकर शुक्ला, संजय सिंह, ओलंपियन प्रेम माया, डॉ. भगवान सिंह, आरडी पांडेय, शंभूनाथ तिवारी, बीएन मिश्रा आदि मौजूद रहे।