गगहा। गगहा थाना क्षेत्र के ठठौली गांव के पास शनिवार सुबह सड़क किनारे मिले शव के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की पहचान बड़गो वरईपार निवासी मुश्ताक अहमद (48) के रूप में हुई थी।
घटना के बाद से ही परिजन हत्या की आशंका जता रहे थे। इधर, रविवार को सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हुए, जिसमें मुस्ताक को ग्रामीण पीटते हुए दिख रहे हैं। हालांकि वीडियो की सत्यता की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार शाम मुश्ताक की बाइक लावारिस हालत में देवकली गांव के पास मिली थी, जिसे संदिग्ध मानते हुए पुलिस थाने उठा लाई गई थी। शनिवार सुबह ठठौली गांव के पास सड़क किनारे उसका शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की थी।
इस बीच शनिवार को मुश्ताक की पिटाई का दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि रात में मुश्ताक को चोर समझकर ग्रामीणों ने पीटा होगा, जिससे लगी चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी गगहा सुशील कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए परिजनों को बुलाया गया है।
तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।