गोरखपुर। सीएम के निर्देश के बाद रविवार को ट्रैफिक पुलिस ने सड़कों से जाम हटाने के लिए कई उपाय किए। काली मंदिर के सामने वाहन रिपेयर करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तो सड़क पूरी तरह चौड़ी नजर आने लगी। इसके पहले आधी सड़क पर कब्जा रहता था। वहीं रोडवेज बस स्टैंड के सामने भी सड़क पर बसें खड़ी नहीं हुईं, अपितु रोडवेज परिसर में रहीं।
रविवार को एसपी ट्रैफिक संजय कुमार के नेतृत्व में सीओ कैंट योगेंद्र सिंह और ट्रैफिक पुलिस ने काली मंदिर के सामने सड़क पर अतिक्रमण कर वाहन की मरम्मत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। इसमें दो वाहनों को क्रेन से उठाकर यातायात यार्ड में पहुंचाया गया। वहीं 12 वाहनों का चालान भी किया गया। दुकानदारों व मैकेनिकों को चेतावनी दी गई कि दोबारा से सड़क पर गाड़ियों की मरम्मत की तो और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। रविवार को मैकेनिकों ने वाहन को बाउंड्री के अंदर खड़ा कर रिपेयर किया।
रेलवे बस स्टेशन के सामने वाली सड़क रविवार को खाली रही। चालक बसों को स्टैंड के अंदर खड़ी कर सवारी भरते नजर आए। इससे सड़क पर जाम की स्थिति नहीं बनी। पुलिस टीम ने बसों को बाहर खड़ा होने नहीं दिया। मोहद्दीपुर में शाम के समय वाहनों का लोड बढ़ा लेकिन उचित इंतजाम की वजह से वहां भी जाम नहीं लगा। सिग्नल को मैनुअल कर लोड के अनुसार लेन को चलाया जा रहा था। कुनराघाट-मोहद्दीपुर लेन पर लोड ज्यादा होने की वजह से उसको अधिक समय के लिए खोला जा रहा था।