गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे में तीसरी लाइन के बाद अब चौथी रेल लाइन गोरखपुर और लखनऊ के बीच बनाई जाएगी। इसके लिए तीन रेल खंडों पर करीब 302 किमी लंबाई में लिडार सर्वे शुरू हो गया है। दिसंबर तक यह काम पूरा हो जाएगा। दूसरे फेज में गोरखपुर-डोमिनगढ़- बस्ती के बीच लिडार सर्वे का काम शुरू होगा। इसके बाद डीपीआर तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा।
रेल प्रशासन ने गोरखपुर-लखनऊ रूट पर व्यस्तम रेल खंड पर चौथी लाइन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत तीन रेलखंडों पर सर्वे की मंजूरी रेलवे बोर्ड ने दी है। सीतापुर-बुढ़वल के बीच 184 किमी, गोंडा-बुढ़वल के बीच 62 किमी और गोंडा-मनकापुर के बीच 56 किमी लंबाई में चौथी लाइन बिछाने के लिडार तकनीक से सर्वे शुरू हो गया है। दिसंबर तक इसे पूरा करना है। इसके बाद गोरखपुर-डोमिनगढ़ से बस्ती का सर्वे होगा। रेल प्रशासन ने इसका भी प्रस्ताव तैयार किया है। सर्वे के बाद देखा जाएगा कि कहां-कहां चौथी लाइन बनाने के लिए पर्याप्त जगह है। सर्वे के बाद डीपीआर तैयार रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा।
बुढ़वल और गोरखपुर में सबसे ज्यादा ट्रेनों की आवाजाही
गोरखपुर-लखनऊ रूट पर गोरखपुर और बुढ़वल स्टेशनों पर सबसे ज्यादा ट्रेनों की आवाजाही है। बुढ़वल में गोरखपुर से मुख्य मार्ग, बहराइच, लखनऊ एवं सीतापुर से ट्रेनें आती हैं। इसी प्रकार गोरखपुर स्टेशन पर सिवान-छपरा, कप्तानगंज-नरकटियागंज, बढ़नी-आनंदनगर रूट से ट्रेनें आती हैं। ऐसे चौथी लाइन बिछाने की संभावनाएं यहां ज्यादा है।
-
कोट
यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए, लाइन क्षमता की बढ़ोत्तरी हेतु पूर्वोत्तर रेलवे के कुछ व्यस्ततम रेल मार्गों पर चौथी रेलवे लाइन के लिए सर्वे शुरू हुआ है। इसके पूरा होने के साथ डीपीआर बनेगा, जिसे बोर्ड के पास आगामी कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा
पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ-एनईआर