गोरखपुर स्टेशन पर इंतजार करते रहे यात्री
वैशाली के अलावा बिहार संपर्क क्रांति समेत चार ट्रेनें देर से चलीं
गोरखपुर। छपरा-गोरखपुर रेल खंड पर शनिवार को गौरीबाजार से कुस्मही खंड में दोपहर बाद सिग्नल फेल हो गया। बैतालपुर से गौरीबाजार के बीच ट्रैक मरम्मत कार्य के कारण शनिवार को देर से चल रही वैशाली एक्सप्रेस सिग्नल फेल होने की वजह से गौरीबाजार स्टेशन पर 20 मिनट रोकनी पड़ी। इसके बाद इसे कुसम्ही तक करीब 40 किलोमीटर की दूरी में 10 किमी की धीमी रफ्तार से काशन पर चलाया गया। इस वजह से यह ट्रेन गोरखपुर स्टेशन पर करीब दो घंटे देर से पहुंची। इससे ट्रेन में सवार यात्रियों के अलावा स्टेशन पर इंतजार कर रहे यात्रियों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ी। सिग्नल में आई दिक्कत चलते वैशाली समेत चार ट्रेनें प्रभावित रहीं।
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में शनिवार को बैतालपुर-गौरीबाजार मार्ग पर ट्रैक मरम्मत का कार्य कराया जा रहा था। इसके चलते बिहार संपर्क क्रांति समेत तीन ट्रेनें देवरिया के बजाय पडरौना के रास्ते गोरखपुर के लिए चलाई गईं। वहीं वैशाली एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस, शहीद एक्सप्रेस समेत कुछ और महत्वपूर्ण ट्रेनों को मेन ट्रैक पर चलाया गया। देवरिया सदर रेलवे स्टेशन के अधीक्षक संदीप भटनागर ने बताया कि ट्रेन देवरिया स्टेशन पर करीब एक घंटे देर से आई। यहां से चलने 10 मिनट बाद सिग्नल फेल हुआ।
साढ़े सात घंटे देर से स्पेशल
ट्रेन नंबर 02569 दिल्ली क्लाेन अपने समय से लगभग साढ़े सात घंटे की देरी से रात 9:45 बजे गोरखपुर स्टेशन पर पहुंची। वहीं 12553 वैशाली एक्सप्रेस अपने तय समय से करीब ढाई घंटे की देरी से शाम 7:02 बजे पहुंची। 02563 दिल्ली क्लोन परिवर्तित मार्ग से आई। वहीं 12565 बिहार संपर्क क्रांति भी अपने तय समय से डेढ़ घंटे की देरी से पहुंची। इन प्रमुख ट्रेनों से दिल्ली की यात्रा करने वाले यात्रियों को मुसीबत झेलनी पड़ी। यात्री विशाल ने बताया कि उन्हें दिल्ली जाना है, ट्रेन की देरी के कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी। दिल्ली क्लोन से जाने वाले राकेश ने बताया कि उन्हें सुबह जल्दी पहुंचना था, लेकिन ट्रेन के देर होने से अब वह तय समय पर दिल्ली नहीं पहुंच पाएंगे। विशाल और राकेश की तरह ही अन्य यात्री भी ट्रेनों की देरी के कारण परेशान नजर आए।
-
मेन रूट पर पटरी बदलने का चल रहा है काम
देवरिया। वैशाली एक्सप्रेस शनिवार को देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर करीब एक घंटे की देरी से पहुंची। यहां से करीब शाम 4:30 बजे निकलने के 10 मिनट बाद सिग्नल फेल हो गया। इस वजह से ट्रेन को गौरी बाजार रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। रेलवे कर्मियों ने बताया कि भटनी से गोरखपुर के बीच अहिल्यापुर व बैतालपुर के पास एक-एक दिन के अंतराल पर पटरियों की मरम्मत की जा रही है। संवाद