भटहट/पिपराइच। ग्राम पंचायत खिरिया के टोला कोटवां में बृहस्पतिवार को शिव मंदिर का चबूतरा ऊंचा कराने के दौरान दो समुदायाें के बीच विवाद हो गया। पुलिस ने चबूतरा ऊंचा करवा रहे व्यक्ति को हिरासत में लेकर पिटाई कर दी। इससे उनकी नाक से खून आने लगा। वहीं एक पक्ष की आक्रोशित महिलाओं ने प्रदर्शन करते हुए पुलिस को दौड़ा लिया। थाना प्रभारी ने किसी तरह समझाकर उन्हें शांत कराया और इसकी जानकारी एसएसपी को दी। इसके बाद एसएसपी ने पिपराइच थाने के उपनिरीक्षक रवि चौधरी और कांस्टेबल विपिन यादव को निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत खिरिया के टोला कोटवां निवासी रमेश गौंड अपने मकान से सटे दरवाजे पर नीम के पेड़ के नीचे वर्षों से भगवान शिव की पूजा करते चले आ रहे हैं। रमेश इसी पूजा स्थल को ऊंचा करने के लिए एक चबूतरा बनवा रहे थे। इसी बीच रमेश और गांव के रज्जू अली के बीच कहासुनी होने लगी। रज्जू ने निर्माण रोकने के लिए पुलिस को बुला ली। मौके पर पहुंची पुलिस रमेश को हिरासत में लेकर थाने चली गई।
रमेश का आरोप है कि रास्ते में शर्ट उतरवाकर पुलिस ने जमकर पिटाई कर दी, जिसके कारण नाक से खून निकल आया। यह सूचना मिलते ही ग्रामीणों में पुलिस के प्रति आक्रोश बढ़ गया। गांव में पुलिस पहुंची तो महिलाओं के आक्रोश का सामना करना पड़ा। मौके पर पिपराइच थाना प्रभारी मदन मोहन मिश्रा पहुंचे और दोनों समुदाय के लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराते हुए मंदिर का चबूतरा ऊंचा कराया।
वहीं दूसरे पक्ष के रज्जू अली को हिरासत में लेकर थाने चले गए। विवाद की सूचना पर सीओ चौरीचौरा अनुराग कुमार सिंह ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। घटना की जांच की जा रही है। निर्दोष की पिटाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।