एमजीयूजी में आयोजित कार्यशाला में बोले प्रदेश सरकार के आर्थिक सलाहकार डॉ. केवी राजू
गोरखपुर। प्रदेश सरकार के आर्थिक सलाहकार डॉ. केवी राजू ने कहा है कि 2017 के बाद मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में आठ साल में अभूतपूर्व सकारात्मक बदलाव हुए हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आया सुधार तो अकल्पनीय सा लगता है।
डॉ. राजू रविवार को महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय (एमजीयूजी) में ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश विजन-2047’ पर आयोजित कार्यशाला के अकादमिक सह व्यावहारिक सत्र को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रहे थे। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने अटल आवासीय विद्यालय योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य प्रदेश में नए आवासीय स्कूल खोलकर निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है।
डॉ. राजू ने कहा कि सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति के लिए जल जीवन मिशन चलाया तो जिन लोगों के पास पक्का मकान नहीं था, उनके लिए पीएम और सीएम आवास योजनाओं से पक्के मकान की व्यवस्था की गई। शौचालय, बिजली, गैस कनेक्शन आदि के जरिये महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। कार्यशाला की अध्यक्षता एमजीयूजी के कुलपति डॉ. सुरिंदर सिंह ने की।