गोरखपुर। वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग-24 के कसिहार चौराहे पर लंबे समय से उठाई जा रही अंडरपास और कट निर्माण की मांग को केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से मंजूरी मिल गई है। केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान की तरफ से इसके लिए प्रयास किया गया था। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कमलेश पासवान को पत्र लिखकर अंडरपास की मंजूरी और इसके लिए एस्टीमेट बनाने की प्रक्रिया की जानकारी दी है।
गोरखपुर-वाराणसी मार्ग चौड़ीकरण के बाद वाहनों की स्पीड बढ़ गई है। इससे हादसे भी बढ़े हैं। कसिहार चौराहे पर अंडरपास नहीं होने की वजह से अक्सर सड़क पार करने वाले हादसे की चपेट में आ जाते हैं। बांसगांव के सांसद और केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने बताया कि कसिहार चौराहे पर भारी ट्रैफिक और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए स्थानीय जनता, किसानों और राहगीरों की तरफ से बार-बार अंडरपास की मांग की जा रही थी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष मामले को रखा, जिस पर मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाया। अंडरपास बनने से क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा भी मिलेगी।