गोरखपुर। पिपराइच और बांसगांव इलाके में बृहस्पतिवार को दो युवकों ने कुंडी से फंदा लगाकर जान दे दी। दोनों ही मामलों में छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिपराइच प्रतिनिधि के अनुसार, ग्राम सभा महराजी में गृहकलश से परेशान धनंजय निषाद (32) ने अपने घर में छत की कुंडी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। धनंजय शटरिंग के मजदूर थे। वह अपने घर अकेला रहते थे। वह विवाहित थे, लेकिन संबंध अच्छे न होने की वजह से पत्नी से अलग रहते थे। पत्नी मायके में दो बच्चों अंश (08) वर्ष व गोलू (03) के साथ रहती हैं। बुधवार को वह अपने बड़े बेटे अंश को देखने ससुराल मोहनपुर गए थे। देर रात खुदकुशी कर ली।
कौड़ीराम प्रतिनिधि के अनुसार, बांसगांव के धस्का निवासी जितेंद्र कुमार (38) ने साड़ी का फंदा बनाकर छत की कुंडी से लटककर अपनी जान दे दी। परिवार के सदस्यों ने बताया कि जितेंद्र कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे। खूब शराब पीने लगे थे। मृतक के दो पुत्र और एक पुत्री है। तीनों अभी नाबालिग हैं।