खाद्य सुरक्षा विभाग ने सितंबर में केमिकल से रंगे दो ट्रक आलू किए थे जब्त
तीन सदस्यीय समिति सोमवार को सौंपेगी रिपोर्ट, फिर शुरू होगी निस्तारण प्रक्रिया
गोरखपुर। महेवा सब्जी मंडी में करीब एक माह पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जब्त किए गए दो ट्रक रंगा लाल आलू अब सड़ने लगे हैं। अब इन्हें नष्ट करने की तैयारी है। ये वही आलू हैं जिन्हें केमिकल से रंगने के आरोप में विभाग ने जब्त किया था। प्रयोगशाला जांच में यह पुष्टि हो चुकी है कि आलू में आयरन ऑक्साइड और अन्य हानिकारक तत्वों का इस्तेमाल किया गया था, जिससे मानव स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ सकता है।
आलू को जांच पूरी होने तक मंडी परिसर में ही सुरक्षित रखवाया गया था लेकिन लंबे समय से खुले में पड़े रहने और मौसम में नमी के कारण यह सड़ने लगा है। वर्तमान स्थिति की जांच के लिए जिला प्रशासन ने तीन सदस्यीय समिति गठित की थी। यह समिति सोमवार को अपनी रिपोर्ट खाद्य सुरक्षा विभाग को सौंपेगी। रिपोर्ट के बाद आलू को पर्यावरणीय मानकों के तहत सुरक्षित तरीके से नष्ट किया जाएगा।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक, सड़े हुए आलू को फेंकने या खुले में नष्ट करने पर संक्रमण फैलने की आशंका रहती है, इसलिए इन्हें निर्धारित स्थल पर दफनाया जाएगा या वैज्ञानिक पद्धति से नष्ट किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मंडियों में निगरानी बढ़ाई जाएगी और सब्जी एवं फल मंडियों में रासायनिक मिलावट के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को रिपोर्ट के आधार पर निर्णय लिया जाएगा।