गुलरिहा। गुलरिहा पुलिस ने बृहस्पतिवार को चार पहिया वाहन से घूम-घूम कर कच्ची शराब की तस्करी करने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 60 लीटर कच्ची शराब भी बरामद हुई। पूछताछ में दोनों की पहचान झंगहा थाना क्षेत्र के राजी जगदीशपुर निवासी कृष्णकांत जायसवाल और रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी ओमकार साहनी के रूप में हुई। दोनों के विरुद्ध केस दर्ज करते हुए पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि गुलरिहा पुलिस बनगाईं के पास सड़क किनारे वाहनों की जांच कर रही थी। इसी बीच एक ब्रेजा आती दिखी। पुलिस ने चालक को रुकने के लिए कहा तो वह कार मोड़कर भागने लगा। पीछा कर पुलिस ने कार समेत दो युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान कार से 60 लीटर कच्ची शराब, दो किलो यूरिया, दो किलो नौसादर बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों तस्करों ने बताया कि वह आसपास के क्षेत्र में बाहर से कच्ची शराब लाकर अलग-अलग जगहों पर बेचते थे। लग्जरी कार का प्रयोग करने से किसी को उनके ऊपर शराब तस्कर होेने का संदेह नहीं होता था और वह अपना काम करके चले जाते थे।