उनवल। खजनी के उसवा बाबू गांव में दुर्गा प्रतिमा के बाद आयोजित भंडारे में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान जमकर लाठियां चलीं। इसमें पुरुष के साथ महिलाएं भी घायल हो गईं। मारपीट का एक वीडियो भी दिनभर सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा। मामले में दोनों पक्ष की तरफ से खजनी थाने में तहरीर पड़ी, जिसपर केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
एक पक्ष से मिली तहरीर के अनुसार, उसवा बाबू गांव में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के वाद रविवार शाम अखिलेंद्र प्रताप सिंह की देख-रेख में भंडारे का आयोजन चल रहा था। आरोप है कि इसी बीच रामप्रताप के साथ अन्य लोग भंडारा में पहुंचे और लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। इसमें दो महिलाएं और चार पुरुषों को गंभीर चोटें आईं। कुछ लोगों का सिर फट गया और एक व्यक्ति का हाथ टूट गया। खजनी थाने में रामप्रताप, हरेन्द, महेंद्र, सत्यपाल, नंदलाल, लक्की प्रसाद, सत्यम, शिवम व सूरज के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
दूसरे पक्ष के महेंद्र की तहरीर पर शिवम सिंह, अखिलेंद्र प्रताप सिंह, अजय साहनी, रंजीत, संजीत, हरि श्याम, जीतेंद्र सिंह समेत छह अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी खजनी उदय प्रताप सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों से मारपीट हुई है। दोनों की तरफ से केस दर्ज कर लिया गया है।